तरनतारनः गैंगस्टर प्रभ दसुवाल का करीबी साथी और तरनतारन के गांव टूट का रहने वाला गुरविंदर सिंह उर्फ ’अफरीदी, मंगोलिया से डिपोर्ट के बाद दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है।
रविवार को एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के बिक्रमजीत सिंह बराड़ के नेतृत्व में एक ऑपरेशन के तहत उसे पट्टी अदालत में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (JMIC) मानक कौर के सामने पेश किया गया। अक्टूबर 2024 में सरपंच राजविंदर सिंह राज की हत्या के मामले में पुलिस को उसकी 8 दिन की रिमांड मिली है। इस बीच पुलिस ने जिले भर में अफरीदी से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की है और लगभग 11 लोगों को हिरासत में लिया है।
अक्टूबर 2024 में ‘आप’ (AAP) समर्थक और पट्टी निर्वाचन क्षेत्र के तलवंडी गांव के सरपंच राजविंदर सिंह ‘राज’ की हत्या के अलावा अफरीदी ने मार्च 2025 में गुरसेवक सिंह नाम के एक युवक की भी हत्या कर दी थी। इसके अलावा वह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (पट्टी) के अध्यक्ष गुरमेल सिंह टूट की हत्या और 31 अगस्त को पट्टी में एक चर्च पर हमले में भी शामिल था।
अफरीदी के खिलाफ जबरन वसूली, डराने-धमकाने और गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम देने जैसे कुल 33 मामले दर्ज हैं। पंजाब सरकार ने उसके बारे में जानकारी देने वाले को 5 लाख रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की थी। पुलिस से बचने के लिए उसने 12 फरवरी 2025 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले ‘वजेंद्र सिंह’ के नाम से एक फर्जी पासपोर्ट बनवाया और 31 मार्च, 2025 को मुंबई हवाई अड्डे के रास्ते दुबई चला गया। वहां से मेक्सिको जाने की कोशिश के दौरान उसे वापस दुबई भेज दिया गया, जिसके बाद वह अप्रैल 2026 में केन्या पहुंचा और दो महीने बाद मंगोलिया चला गया। नवंबर 2026 में वह इथियोपिया गया। डीजीपी गौरव यादव के अनुसार पंजाब पुलिस ने उसके खिलाफ ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ और सात इंटरपोल रेफरेंस जारी करवाए थे।
केंद्रीय एजेंसियों की मदद से उसे 6 नवंबर को इथियोपिया में पकड़ लिया और भारत वापस भेज दिया गया। 8 नवंबर को दिल्ली पहुंचने पर एजीटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया और पट्टी की अदालत से 8 दिन की रिमांड हासिल की।
