अमृतसरः दिवाली की रात अमृतसर के सुल्तानविंड रोड पर रांझे दी हवेली के पास उस समय दहशत फैल गई, जब दो गुटों के बीच का विवाद भारी गोलीबारी में बदल गया। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक और बी डिवीजन पुलिस स्टेशन में तैनात ASI हरनेक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
शुरुआती जानकारी और सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच सोने के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया जिसके बाद दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर गोलियां चला दीं। इस गोलीबारी के दौरान मौके पर मौजूद बी डिवीजन पुलिस स्टेशन के ASI हरनेक सिंह को भी गोली लग गई। ASI हरनेक सिंह की जांघ में दो गोलियां लगीं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं प्रताप सिंह नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसके भाई को भी गोली लगी है।
घटना की सूचना मिलने पर बी डिवीजन पुलिस स्टेशन की टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो सबूत इकट्ठा कर रही है। ACP रविंदर सिंह ने भी इस पूरी घटना के बारे में जानकारी दी है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और गोलीबारी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
