फगवाड़ाः चचोकी इलाके में रुई धुनने वाली एक दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की वजह एक तकिए में छिपा पटाखा बताया जा रहा है। हादसे में दुकान के अंदर रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी की जान गई।
तकिए में छिपा था पटाखा, रुई धुनते समय हुआ धमाका
दुकानदार मोसमल ने बताया कि एक ग्राहक रुई धुनवाने के लिए अपनी दुकान पर तकिया लेकर आया था। तकिए के अंदर एक पटाखा छिपा हुआ था। जब वह रुई धुनने की मशीन में तकिए की रुई डाल रहे थे, तभी अचानक पटाखा फट गया। पटाखा फटने से दुकान में आग लग गई और अंदर रखा सामान जलने लगा।
आसपास के लोगों ने आग पर पाया काबू
आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दुकानदार की मदद से आग बुझाने में जुट गए। लोगों की मदद से कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया। जब तक दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग बुझ चुकी थी।
दुकानदार को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान
दुकानदार मोसमल के अनुसार, आग लगने से उन्हें करीब 50 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं, दुकानदार के दोस्त राजू ने कहा कि इस हादसे में किसी के घायल न होने और जान का नुकसान न होने से बड़ी राहत मिली है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना हादसा और भी बड़ा हो सकता था।
