नई दिल्लीः चावड़ी बाजार में एक तीन मंजिला इमारत गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है। हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। घटनास्थल पर जो भी पहुंचा, वहां का मंजर देखकर उसकी रूह कांप गई।
फायर विभाग को आज वीरवार सुबह 9:50 बजे ही चावड़ी बाजार में बिल्डिंग गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव का कार्य शुरू कर दिया है। एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
जानकारी के अनुसार तीन मंजिला इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के चलते गुरुवार सुबह अचानक हादसा हो गया। एसओ डीके राय के अनुसार चावड़ी बाजार में एक तीन मंजिला अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग गिर गई है। अंदर कोई फंसा हो सकता है। फिलहाल टीम राहत बचाव कार्य में जुटी हुई है।
