लुधियानाः सुधार थाने के अंतर्गत आने वाले राजोआणा गांव के गुरुद्वारा साहिब में गोली चलाने वाले शूटर राज सिंह उर्फ राजू की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई। राजू को पुलिस ने कुछ दिन पहले गिरफ्तार किया था। जिससे पूछताछ चल रही थी।
सूत्रों के अनुसार पुलिस राजू से पूछताछ कर रही थी। इस दौरान आरोपी के अचानक सीने में दर्द हुआ। पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल आरोपी की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। हालांकि, मौत के असली कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लगेगा। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है।
राजू मूल रूप से फिरोजपुर के गांव नूरपुर माछीवाड़ा का रहने वाला था। थाना सुधार के एसएचओ रविंदरपाल सिंह का कहना है कि सोमवार रात रक्तचाप कम होने की शिकायत के बाद उसे पहले सुधार के सरकारी और निजी अस्पतालों में ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे लुधियाना के ग्लोबल हार्ट अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
आपको बता दें सुधार के गांव राजोआणा कलां स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा मंजी साहिब में मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने 28 अक्टूबर को फायरिंग की थी, जिसमें मुख्य सेवादार संत बाबा बलदेव सिंह बाल-बाल बच गए थे।
पुलिस जांच में विदेशी नंबर से जान से मारने की धमकियां देने और कथित तौर पर फिरौती मांगने की बात सामने आई थी। मांग पूरी न होने पर बाबा की गतिविधियों पर नजर रखकर वारदात को अंजाम देने की साजिश रचे जाने का आरोप है। पुलिस ने करीब 200 किलोमीटर के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, साइबर जांच और खुफिया सूचनाओं के आधार पर फिरोजपुर में दबिश देकर राजू को गिरफ्तार किया था। गुरदासपुर के दो अन्य संदिग्धों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लेने की जानकारी सामने आई थी।
