लुधियानाः श्रृंगार सिनेमा रोड स्थित हरचरन नगर इलाके में देर रात एक वारदात सामने आई। यहां एक युवक को उसके जन्मदिन के मौके पर घेरकर 15 से 20 राउंड फायरिंग की गई। 25 से 30 की संख्या में आए बदमाशों ने थार गाड़ी को घेर लिया ईंट-पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिए और टायर फाड़ दिए। गनीमत यह रही कि इस अंधाधुंध फायरिंग में गोली किसी को नहीं लगी और युवक फटे टायरों के सहारे ही गाड़ी भगाकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे।
पीड़ित युवक दिव्यांशु बग्गा ने बताया कि 2 नवंबर को उसका जन्मदिन था। रात करीब 12:30 बजे वह अपने एक दोस्त को घर छोड़ने गया था। दिव्यांशु के मुताबिक पिछले डेढ़ साल से एक लड़की के साथ उसका कोई विवाद चल रहा है। आरोप है कि उसी लड़की ने उसे फोन कर गली में आने की चुनौती दी थी। जब वह गली में पहुंचा तो 25-30 युवकों ने पहले से ही रास्ता रोका हुआ था। उन्होंने उसे देखते ही जान से मारने की धमकी दी।
बदमाशों ने सबसे पहले ईंट-पत्थरों से हमला किया जिससे दिव्यांशु के दोस्त का सिर फट गया। स्थिति को बिगड़ता देख जब दिव्यांशु ने अपनी थार गाड़ी भगाने की कोशिश की तो हमलावरों ने सीधे गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पीड़ित के मुताबिक करीब 7-8 युवकों के हाथों में हथियार थे। उन्होंने गाड़ी के फ्रंट शीशे, साइड विंडो, पिछले हिस्से और टायरों पर 15 से 20 राउंड फायर किए। एक गोली तो गाड़ी की सीट के हेडरेस्ट को आर-पार कर गई।
दिव्यांशु ने बताया कि हमलावरों में लड़की का भाई रोहन उसकी मां सीमा रानी पारस बस्सी और उनके साथ आए 40-50 अन्य लड़के शामिल थे। अपनी और दोस्त की जान बचाने के लिए दिव्यांशु ने फटे टायरों के साथ ही गाड़ी दौड़ा दी और हैबोवाल इलाके में पहुंचकर जान बचाई। पीड़ितों ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि हथियारों का खौफ दिखाने वाले इन आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस को मामले की औपचारिक शिकायत दी जा रही है।
