विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, ईमानदारी और पारदर्शिता अपनाने का दिया संदेश
ऊना: भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण और आमजन में सतर्कता की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से जिला पुलिस ऊना ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित इस अभियान के दौरान विभिन्न स्कूलों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व को समझाते हुए लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों और विद्यार्थियों से अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा प्रत्येक कार्य को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल सरकारी प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
जिला पुलिस ऊना का उद्देश्य ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन में सतर्कता, ईमानदारी और पारदर्शिता की भावना को बढ़ावा देना तथा समाज में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता पैदा करना है। जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक रहें, गलत गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाएं और स्वच्छ, पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
