डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद
ऊना। जिला ऊना में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जिला पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम ने भरवाई में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 किलो 462 ग्राम चरस/कैनाविस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 अक्तूबर की देर रात एसआईयू ऊना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शिव मंदिर भरवाई के नजदीक नाकाबंदी कर मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को जांच के लिए रोका।
पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल चालक चन्द्रमोहन शर्मा निवासी वार्ड नंबर-1 मरवाड़ी, तहसील घनारी तथा उसके पीछे बैठे राहुल भटोल निवासी बबेहड़, तहसील घनारी, जिला ऊना की तलाशी ली। इस दौरान मोटरसाइकिल चालक चन्द्रमोहन शर्मा के पास लटके पिट्ठू बैग से 3.462 किलोग्राम चरस/कैनाविस और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत, इसकी सप्लाई चेन और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज की जांच में जुटी है। जिला पुलिस ऊना ने आम जनता से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सतर्क रहने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए पुलिस के साथ आम जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
