चंडीगढ़: ‘ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस’ में राष्ट्रीय स्तर पर नए मानक स्थापित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का फास्टट्रैक पोर्टल (https://fasttrack.punjab.gov.in) एक क्रांतिकारी कदम साबित हो रहा है, जिसने पंजाब को देश भर में निवेशकों के लिए अधिक अनुकूल बना दिया है। यह पोर्टल अधिकतम 45 दिनों के भीतर सभी नियामकीय मंज़ूरियों के अलावा देरी की स्थिति में ‘स्वचालित डीम्ड मंज़ूरी’ की व्यवस्था करता है। 10 जून, 2025 को लॉन्च किए गए इस पोर्टल के माध्यम से अब तक 20,417 मंज़ूरियां जारी की गई हैं।
इसे राज्य के औद्योगिक क्षेत्र के लिए एक बड़ा सकारात्मक बदलाव बताते हुए पंजाब के उद्योग और वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि यह पोर्टल सिंगल-विंडो डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के रूप में काम करता है, जिससे कारोबारियों को एकीकृत प्रणाली के माध्यम से सभी नियामकीय मंज़ूरियाँ और सरकारी सेवाएँ ऑनलाइन प्राप्त हो रही हैं।
इस पोर्टल की कार्यकुशलता पर प्रकाश डालते हुए अमन अरोड़ा ने बताया कि यह एक अधिक सुगम दो-चरणीय ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया की पेशकश करता है। पंजीकरण के बाद, निवेशक नए निवेशों के लिए आवेदन करने, मौजूदा परियोजनाओं संबंधी सेवाएँ लेने, ई-वॉलेट लेन-देन की सुविधा और अपनी परियोजनाओं की रियल-टाइम ट्रैकिंग के लिए समर्पित डैशबोर्ड का उपयोग कर सकते हैं।
अमन अरोड़ा ने कहा, “हमारी सरकार एक ऐसा पारदर्शी, कुशल और निवेशक-अनुकूल माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है जहाँ कारोबार बिना किसी अड़चन के फल-फूल सकें। ‘इन्वेस्ट पंजाब’, देश की सर्वोत्तम निवेश प्रमोशन एजेंसी बनने के विज़न के साथ इस बदलाव का नेतृत्व कर रहा है। फास्टट्रैक पोर्टल समयबद्ध मंज़ूरियों, डिजिटल गवर्नेंस और ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।”
