ऊना। अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर तथा रोवर-रेंजर इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा ने अपने संबोधन में सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व के माध्यम से देश की 562 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय करवाकर राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय एकता विष्य पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में तन्वी ने प्रथम, किरण ने द्वितीय तथा अंजलि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सिकंदर कुमार नेगी, रोवर प्रमुख प्रो. कमलेश तथा रेंजर प्रमुख प्रो. निकिता गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के दलनायक अंकुश शर्मा ने किया। उन्होंने प्रभावशाली ढंग से मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों को सुव्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि भारत की विविधता में एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
