समारोह में भुट्टो और कँवर ने किया एक साथ मंच शेयर
ऊना। कुटलैहड़ विधानसभा के बंगाणा में जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह के दौरान पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर और पूर्व विधायक एक मंच पर दिखाई दिए। हालांकि दोनों के मध्य सांसद अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बैठे थे। राजनीतिक हल्कों में इसे पार्टी दिग्गजों द्वारा दोनों के मध्य की दूरियां कम करने का प्रयास बताया जा रहा है। दोनों के बीच हालांकि कोई बातचीत नहीं हुई लेकिन अरसे बाद एक मंच पर साथ आना कई चर्चाओं का बाजार गर्म कर गया। इसी विषय को लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी अब एक है, देवेंद्र भुट्टो और वीरेंद्र कंवर सहित कुटलैहड़ में भाजपा एक मजबूत किले के रूप में खड़ी है। हालांकि टिकट किसे मिलेगा, यह हाईकमान निर्धारित करेगा लेकिन पार्टी गुटबाजी से दूर है। दोनों नेताओं को जो भूमिका पार्टी नेतृत्व द्वारा दी जाएगी, उसे पूरी शिद्दत के साथ दोनों नेता निभाएंगे। क्या वास्तव में दोनों के बीच की दूरियां कम हो सकेंगीं और दोनों खेमों की खटास कम हो सकेगी, यह आने वाला समय ही निर्धारित करेगा।
