लुधियानाः फिल्ड गंज इलाके में पुलकित फैशन और चैरिटेबल डिस्पेंसरी मस्जिद हबीब की ऊपरी मंजिल में आग लग गई। इस घटना के दौरान साहिल नामक व्यक्ति इमारत में फंस गया। जहां दमकल विभाग और पुलिस द्वारा इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। इस दौरान आग लगने से एसी ब्लास्ट हो गया और छत गिर गई। वहीं घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले की जानकारी देते हुए दमकल विभाग के अधिकारी दिनेश कुमार ने कहाकि 2.42 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जिसके बाद घटना स्थल पर 3 गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुट गई।
मृतक की पहचान आप नेता गोल्डी सब्बरवाल के भतीजे 27 वर्षीय साहिल सब्बरवाल के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक दूसरी मंजिल पर किचन के साथ कमरा बना हुआ था। जहां पर पटाखे का स्टॉक रखा हुआ था। आप नेता गोल्डी सब्बरवाल का भतीजा साहिल सब्बरवाल भी वहां पहुंचा था। आग लगने के बाद वह गोदाम के अंदर ही एक किनारे पर खड़ा हो गया। लेकिन अचानक उसकी दीवार गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
अभी तक आग पर काबू पा लिया गया। घनी आबादी वाले बाजार में 400 फीट दूर गाड़ियां खड़ी की गई और पाइप की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना में एक व्यक्ति के मरने का पता चला है। वहीं परिजनों द्वारा रो-रो-कर बुरा हाल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा नौजवान को स्टेचर के जरिए बाहर निकाला जा रहा है। उनकी टीम द्वारा इमारत सर्च की जा रही है। घटना की तस्वीरें भी सामने आई है। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि आग ने भीषण रूप धारण किया हुआ है।
वहीं चुनरी से रस्सियां बनाकर इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर लोगों का कहना है कि नियमों को ताक पर रखकर रिहायशी इलाके के बीच पटाखों का इतना बड़ा स्टॉक रखा गया था,जो किसी बड़े जानमाल के नुकसान को न्योता देने जैसा था। गोदाम के नेता का होने की बातों ने इस पूरे मामले में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
