पंचकूलाः पिंजौर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खैर लकड़ी कटाई और तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना पिंजौर में दर्ज मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपियों पर खैर के पेड़ काटकर लकड़ी चोरी करने, वन विभाग के कर्मचारी के साथ मारपीट करने तथा सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप हैं।
जानकारी के अनुसार 10 सितंबर 2026 को कालका रेंज के वन दरोगा ने शिकायत देते हुए बताया था कि महिंद्रा पिकअप में अवैध रूप से काटी गई खैर की लकड़ी ले जाने की सूचना मिलने पर वह सूरजपुर-सुखोमाजरी बाईपास पहुंचे। वहां गाड़ी खड़ी मिली, जहां मौजूद दो व्यक्तियों ने कथित तौर पर उनके साथ हाथापाई की और उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद आरोपी पिकअप लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना पिंजौर में 13 सितंबर को मामला दर्ज कर अमरावती चौकी टीम द्वारा मामलें की जांच शुरू की गई।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार जांच के दौरान पुलिस ने 8 अक्टूबर को पहले 2 आरोपियों रवि तथा धर्मसिंह उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया था। दोनों पंचकूला के निवासी है। पूछताछ के दौरान बंटी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिकअप गाड़ी मोरनी रोड से बरामद की गई। वहीं रवि की निशानदेही पर खैर के पेड़ काटने में इस्तेमाल दो आरी बरामद की गईं। वन विभाग की रिपोर्ट और तस्वीरों के आधार पर घटनास्थल पर कुल 14 पेड़ काटे जाने की जानकारी सामने आई थी।
इसी मामले में अब इन्चार्ज प्रीतम सिंह की अगुवाई में टीम ने 28 अक्टूबर को 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सदन उम्र 31 वर्ष, और लवली उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी तहसील कालका, जिला पंचकूला के रुप में हुई है। मामलें की जांच जारी है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन: पंचकूला में अवैध खैर कटाई और लकड़ी तस्करी के जरिए प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। वन संपदा की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। ऐसे अपराधों में शामिल प्रत्येक आरोपी की भूमिका की गहन जांच कर उसे कानून के दायरे में लाया जाएगा।
