पंचकूलाः ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर महिला से 11 लाख से अधिक रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में पंचकूला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कमीशन लेकर अपनी फर्म का बैंक खाता साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए उपलब्ध करवाया था। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले आरोपी को गिरफ्तार कर पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। अब ठगी की रकम के लेन-देन और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच की जा रही है।
थाना साइबर क्राइम सेक्टर-20 पंचकूला में पंचकूला निवासी युवती की शिकायत पर 17 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार 13 जनवरी 2026 को व्हाट्सऐप पर एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया। उसने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में अच्छा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया और निवेश संबंधी टिप्स भेजकर महिला का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसे एक ऐप डाउनलोड करवाकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी अपलोड करने के लिए कहा गया।
आरोपियों के बताए अनुसार महिला ने मार्च 2026 में विभिन्न बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए। ऐप पर निवेश के साथ मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाई देने लगा और कुछ समय बाद कुल राशि 52 लाख रुपये से अधिक प्रदर्शित होने लगी। जब महिला ने पैसे निकालने चाहे, तो आरोपियों ने टैक्स और सिक्योरिटी के नाम पर 5,97,865 रुपये अतिरिक्त जमा करवाने को कहा। रकम जमा न करने पर पूरी राशि जब्त करने की धमकी दी गई। महिला ने 13 अप्रैल 2026 को बताए गए खाते में यह रकम भी ट्रांसफर कर दी, लेकिन इसके बाद ऐप ने काम करना बंद कर दिया। पैसे वापस न मिलने और दोबारा रकम जमा करवाने की मांग होने पर उसे ठगी का एहसास हुआ। शिकायत के अनुसार इस तरह उससे कुल 11,40,865 रुपये ठग लिए गए।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार पुलिस ने तथ्यों के आधार पर मामलें की जांच शुरु की। जांच के दौरान संबंधित खाता मोहाली स्थित एक फर्म से जुड़ा मिला। इसके बाद फर्म के मालिक गुरविन्द्र सिंह निवासी जिला अंबाला, हाल निवासी मोहाली को पंचकूला के रायपुर रानी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने कमीशन के बदले अपनी फर्म का बैंक खाता साथियों को उपलब्ध करवाया था, ताकि साइबर ठगी की रकम उसमें प्राप्त की जा सके। अब हम अन्य संभावित आरोपियों की तलाश कर रही है। जांच में विभिन्न राज्यों से जुड़े संभावित ठिकानों की पड़ताल की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पूछताछ के दौरान ठगी की रकम के लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जाएगा।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में कम समय में भारी मुनाफे के दावों पर भरोसा न करें। अनजान व्यक्तियों के भेजे लिंक या ऐप डाउनलोड करने से बचें तथा पैन कार्ड, बैंक विवरण, ओटीपी, पासवर्ड और डिजिटल हस्ताक्षर किसी के साथ साझा न करें। निवेश की रकम निकालने के लिए अतिरिक्त टैक्स या सिक्योरिटी फीस मांगे जाने पर पहले सत्यापन करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं।