जालंधर, ENS: पटाखा मार्केट और ग्राम पंचायत राओवाली के बीच चल रहा विवाद थम गया है। ऐसे में दोनों में आपसी सहमति बन गई और मामला सुलझ गया है। दरअसल, पंचायत के सरपंच जसबीर सिंह राणा और पटाखा मार्केट के सभी सदस्यों के बीच बातचीत के बाद मार्केट लगाने को लेकर सहमति बन गई। बैठक के दौरान ग्राम पंचायत ने पटाखा मार्केट को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। वहीं, पटाखा मार्केट के सदस्यों ने भी पंचायत को भरोसा दिलाया कि मार्केट में सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक उचित प्रबंध किए जाएंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस मामले में अधिवक्ता जितेंद्र सिंह दुप्पर की भी भूमिका रही। पटाखा मार्केट के पदाधिकारी विकास भंडारी, धीरज कुमार, रवि महाजन और संजीव बाहरी सहित अन्य सदस्यों ने पंचायत के साथ सहमति जताई। इस मामले में पटाखा मार्केट पर लिया गया स्टे भी वापस ले लिया गया है। इसके बाद अब पटाखा मार्केट गांव राओवाली, भोगपुर रोड पर पठानकोट चौक के पास ही लगाई जाएगी।
बता देंकि इस विवाद के कारण ही पटाखा मार्केट लगाने के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी करने संबंधी ड्रॉ की प्रक्रिया टाल दी गई। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) सह अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अमनिंदर कौर ने बताया कि पटाखा मार्केट के लिए अस्थायी लाइसेंस प्राप्त करने हेतु ड्रॉ की तिथि 29 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई थी। प्रशासनिक कारणों से अब यह निर्धारित तिथि अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई । अधिकारियों के अनुसार, नई तिथि और ड्रॉ से जुड़ी आगे की प्रक्रिया को लेकर आदेश जारी होने पर संबंधित पक्षों को सूचित किया जाएगा। लेकिन अब जल्द अब लाइसेंस प्राप्त करने हेतु ड्रॉ की तिथि का ऐलान किया जा सकता है।
