लुधियानाः त्योहारी सीजन के बीच लुधियाना वासियों के लिए महंगाई से जुड़ी एक बड़ी खबर है। शहर में 1 नवंबर से दूध की कीमतें बढ़ने जा रही हैं। हैबोवाल और ताजपुर डेयरी कॉम्प्लेक्स के डेयरी मालिकों ने दूध के दाम बढ़ाने का सख्त फैसला लिया है। नए रेट के अनुसार शहर में दूध 3 रुपए प्रति किलो तक महंगा हो जाएगा। हैबोवाल डेयरी के प्रधान कुलदीप सिंह लहरिया और अन्य डेयरी प्रतिनिधियों ने यह जानकारी साझा की है।
उन्होंने बताया कि शहर में दूध बेचने वाले सभी अड्डों पर 3 रुपए प्रति किलो का इजाफा किया जा रहा है जबकि क्रीम डेयरी वालों के लिए फैट के रेट में 30 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। सभी डेयरी मालिकों से अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इन नए रेट्स को लागू करने की अपील की गई है। कीमतों में इस वृद्धि का मुख्य कारण पशुओं की फीड में आई भारी महंगाई को बताया गया है। डेयरी संचालकों के अनुसार पिछले कुछ समय में तूड़ी,दाना और हरे चारे (पठ्ठे) के रेट बहुत ज्यादा बढ़ गए हैं।
हर चीज महंगी होने के कारण डेयरी मालिकों के लिए अपने घर का गुजारा चलाना भी मुश्किल होता जा रहा है। डेयरी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि महंगाई के इस दौर में दूध का महंगा होना बहुत जरूरी है। घाटे और आर्थिक तंगी के चलते कई डेयरी मालिक अपना कारोबार बेचने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जो कोई भी इस महंगाई को नहीं समझेगा और रेट नहीं बढ़ाएगा उसे बहुत जल्द अपनी डेयरी बेचनी पड़ जाएगी।
