लुधियानाः ताजपुर रोड पर बिहारी कॉलोनी के पास एक पेट्रोल पंप पर सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक अज्ञात व्यक्ति की लाश संदिग्ध हालात में पंप के बाथरूम में मिली।
मामले की जानकारी देते पेट्रोल पंप के मालिक जसवीर सिंह ने बताया कि बीती रात एक अज्ञात व्यक्ति बाथरूम में गया था। रात में जब दरवाजा खटखटाया गया तो भी अंदर से कोई जवाब नहीं आया। आज सुबह जब पंप के कर्मचारियों ने बाथरूम इस्तेमाल करने के लिए दरवाजा खटखटाया तो दरवाज़ा अंदर से बंद था। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि अंदर एक व्यक्ति की लाश पड़ी है।
पंप मालिक के मुताबिक बाथरूम के अंदर से एक लाइटर और कुछ सिरिंज भी मिली हैं। शक है कि वह व्यक्ति बाथरूम में नशा ले रहा था और ओवरडोज से उसकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि ताजपुर रोड पर स्थित बिहारी कॉलोनी अक्सर नशे की तस्करी और नशेड़ियों की गतिविधियों के लिए चर्चा में रहती है। घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान और पोस्टमॉर्टम के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।