चंडीगढ़: फरीदाबाद सूरजकुंड परिसर में आयोजित तृतीय दिवाली मेला-2026 में इस बार विभिन्न प्रजातियों के सुंदर एवं आकर्षक पौधों की नर्सरी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। मेले में खुशबू नर्सरी द्वारा घर, आंगन, बालकनी और कार्यालयों की सुंदरता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार के सजावटी पौधे उपलब्ध कराए गए हैं।
नर्सरी में किफायती दामों पर गुलाब के अनेक प्रकार के पौधों के साथ-साथ मनी प्लांट और विभिन्न प्रजातियों के फूलों एवं सजावटी पौधों की विस्तृत श्रृंखला मौजूद है। पर्यटक अपनी पसंद और आवश्यकता के अनुसार पौधों की खरीदारी कर रहे हैं। दिवाली के अवसर पर अपने घरों और कार्यस्थलों को हरियाली तथा प्राकृतिक सुंदरता से सजाने के इच्छुक लोगों के लिए यह नर्सरी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व तथा पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में सूरजकुंड परिसर में तृतीय सूरजकुंड दिवाली मेला-2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 26 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा। मेले में खरीदारी, सजावट और पारंपरिक उत्सव के माहौल के बीच पौधों की नर्सरी पर्यटकों को प्रकृति से जुडऩे तथा अपने परिवेश को हरा-भरा बनाने का अवसर प्रदान कर रही है।
सूरजकुंड दिवाली मेले में लोक वाद्य यंत्रों और पारंपरिक संगीत की प्रस्तुतियां उत्सवी माहौल को और भी जीवंत बना रही हैं। परिवारों के साथ मेले में पहुंच रहे पर्यटक खरीदारी और खानपान के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आनंद उठा रहे हैं। नगाड़ों की थाप पर थिरकते लोग और बीन की धुनों पर आनंद लेते पर्यटक मेले की रौनक को बढ़ा रहे हैं।