अमृतसरः आनंद एवेन्यू इलाके में शुक्रवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अमित सभ्रवाल के रूप में हुई है। परिवार वालों के मुताबिक एक्टिवा किनारे रखने को लेकर विवाद के बाद युवक को गोली मारी गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
परिवार वाले ने बताया कि घटना के समय उन्हें पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी। जब वे बाहर आए तो अमित को गोली लग चुकी थी। उनके मुताबिक एक्टिवा किनारे रखने को कहने पर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपियों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। परिवार वालों की दी जानकारी के मुताबिक घटना 23 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे की है। बताया गया है कि अमित अपने घर के बाहर मौजूद था, इसी दौरान अभि शाह, सनी शाह और रितिक शाह वहां पहुंच गए। एक्टिवा साइडिंग को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई। इसके बाद अभि शाह पर आरोप है कि उसने अपने पास मौजूद पिस्तौल से पांच से छह गोलियां चलाईं, जिसमें से अमित को गोली लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि एक्टिवा साइडिंग को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस ने अभि शाह, सनी शाह और रितिक शाह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जारी है और घटना से जुड़े दूसरे तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।