अमृतसर: कमिश्नरेट पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली राम नगर कॉलोनी की गली नंबर 4 में हुई मां-बेटे की हत्या के मामले मे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस दोहरे हत्याकांड के सिलसिले में मृतक गौरव कुमार की पत्नी मनीषा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला को हरियाणा के अंबाला शहर से पकड़ लिया।
जानकारी देते हुए ACP गगनदीप सिंह ने बताया कि 18 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि राम नगर कॉलोनी की गली नंबर 4 में स्थित एक घर से तेज बदबू आ रही है। सूचना मिलते ही सदर थाने के SHO और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घर का दरवाजा खोला गया, तो अंदर दो शव मिले।जिनकी पहचान गौरव कुमार और उनकी मां रितु के रूप में हुई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। तकनीकी और फोरेंसिक जांच के जरिए पुलिस को ऐसे सबूत मिले, जिनसे पता चला कि इस घटना में मृतक गौरव की पत्नी मनीषा शामिल थी। जांच के दौरान देखी गई CCTV फुटेज में मनीषा घर को ताला लगाकर कपड़ों से भरा बैग लेकर जाती हुई दिखाई दी।
जिसके आधार पर पुलिस टीमों ने उसे हरियाणा के अंबाला शहर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ से पता चला है कि मनीषा और उसकी सास रितु के बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होते रहते थे। दोनों के बीच कड़वाहट इसलिए भी पैदा हो गई थी क्योंकि सास ने गौरव की शादी कहीं और कराने का सुझाव दिया था।
आरोपी मनीषा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है। पुलिस ने रिमांड लेने की प्रक्रिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
