मोगाः मानसा में परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद व राज्य से नशा को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। जहां अन्य पार्टियां निशाने साध रही है, वहीं आप पार्टी ने भाजपा पर नशे को लेकर जमकर तंज कसने शुरू कर दिए। केंद्रिय गृह मंत्री अमित शाह के मानसा दौरे से पहले आप पार्टी के कैबिनेट मंत्रियों ने गुजरात, हरियाणा सहित अन्य राज्यों में नशा मिलने को लेकर भाजपा पर सवाल खड़े किए।
वहीं पंजाब की सत्ताधारी सरकार के विधायकों को ‘मांग पत्र’ सौंपने के मकसद से कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल, वारिस पंजाबी दे सहित अनेक किसान जत्थेबंदियों ने अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत अपने-अपने हलकों में संबंधित विधायकों को ‘मांग पत्र’ सौंपने थे। जिसके चलते मोगा की विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा को भी ‘मांग पत्र’ सौंपा जाना था। हालांकि पुलिस द्वारा पहले से ही वहां बेरिकेडिंग कर दी गई थी। ऐसे में प्रदर्शनकारी एक साझा मंच बनाकर बैरिकेडिंग के पास अपना रोष प्रदर्शन भी कर रहे थे।
लेकिन एका एक वहां स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब एक किसान आगू ने अपने सम्बोधन में राज्य में नशा लाने के लिए मंच से माइक में बोलते हुए इसके लिए सीधे तौर पर शिरोमणि अकाली दल को जिम्मेवार ठहरा दिया। जिसके बाद किसान आगू के पीछे खड़े अकाली दल के विधानसभा हल्का मोगा से सम्भावी उमीदवार सन्नी गिल ने किसान आगू के हाथों से माइक छीन लिया। मौके पर मीडिया कर्मियों के अलावा विभिन्न पार्टियों के कैमरामैन भी वीडियो बना रहे थे, जिसके चलते अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है व लोग चुस्कियां ले रहे हैं। इस माइक छीनने की घटना से पूर्व भी मंच पर संबोधन को लेकर विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के आगू तकरारबाजी करते नजर आए।
