कालकाः हंडिया मोहल्ले में देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक गर्भवती महिला की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना से गुस्साए मृतका के परिजनों ने रामबाग पुल पर जाम लगाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर कालका थाना प्रभारी अजीत सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम खोल दिया।
मृतका गौरी की बड़ी बहन भारती ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसकी बहन ने नितिन के साथ लव मैरिज की थी। भारती ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही नितिन और उसके परिवार के लोग गौरी को दहेज के लिए अक्सर परेशान करते थे। बताया कि पति द्वारा उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। मंगलवार को भी उसकी बहन के साथ पति द्वारा मारपीट की गई थी, जिसके बाद वह अपनी दादी के घर आ गई थी। हालांकि बाद में ससुराल पक्ष के लोग उसे समझा-बुझाकर वापस अपने घर ले गए थे। जिसके बाद रात को उनको सूचना मिली कि गौरी की मौत हो गई है। भारती ने बताया कि उसकी बहन गर्भवती थी।
उधर, जांच अधिकारी विकास आनंद ने बताया कि मृत्तका की बहन की शिकायत के आधार पर नितिन समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर मामला दर्ज कर लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है।
