मनोरंजन: बिग बॉस से फेमस हुए यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर से सुर्खियों में आ गए हैं। अनुराग के चचेरे साले राज सिंह चौहान ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साले ने कहा कि अनुराग ने अपने 8-10 साथियों के साथ मिलकर उन पर जानलेवा हमला किया है। पीड़ित की शिकायत पर नेहरु कॉलोनी पुलिस ने अनुराग और उनके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरु कर दी है।
अनुराग ने दबाया गला
राज ने बताया कि वो एक कार कंपनी के शोरुम में काम करते हैं। उन्होंने 5 अक्टूबर को शाम करीबन 6 बजे अनुराग कुछ युवकों के साथ उनसे मिलने के लिए शोरुम पहुंचे थे। काम में बिजी होने के कारण राज ने थोड़ी देर बाद मिलने के लिए कहा। इसके बाद रात को 9 बजे जब वो कैफे के पास पहुंचे तो अनुराग और उनके साथी वहां कार में बैठे थे। राज ने यह आरोप लगाया है कि बातचीत के दौरान अनुराग ने उनको धमकाने के अंदाज में कहा कि वो दो हत्याएं कर चुके हैं। कोई भी उनका कुछ भी नहीं बिगाड़ सकता। इसके बाद अनुराग ने पीछे से उनका गला दबा दिया।
मोबाइल छीनने की कोशिश की
राज ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए यह भी बताया कि अनुराग डोबाल ने उनका गला दबाने के अलावा मोबाइल फोन छीनने की कोशिश भी की। जब वो फोन नहीं छिन पाए तो अनुराग ने साथियों से राज को जानने से मारने के लिए कह दिया। इसके बाद हमलावरों ने उनको कार के नीचे डालने की भी कोशिश की। लोहे की किसी चीज से सिर, छाती और मुहं पर वार किए। राज की मानें तो एक आरोपी ने चाकू और बंदूक दिखाकर भी डराया। मारपीट के दौरान उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। उनकी घड़ी और सोने की चेन भी आरोपी निकालकर ले गए।
पत्नी से पहले ही चल रहा है विवाद
रिपोर्ट्स की मानें तो इस घटना का असली कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। राज सिंह की चचेरी बहन रितिका डोभाल अनुराग डोभाल की पत्नी है। दोनों के बीच में काफी समय से विवाद भी चल रहा है। इसी मुद्दे पर बात करने के लिए अनुराग ने राज को बुलाया था। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में राज ने अनुराग डोभाल के अलावा उनके साथियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने सभी आरोपियों पर बीएनस की धारा के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया और इस मामले की जांच कर रही है।
