चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज गुरप्रीत सिंह खालसा के नेतृत्व वाले ‘धर्म युद्ध मोर्चा’ के प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार श्री आनंदपुर साहिब की दुखद घटना की तत्काल, पारदर्शी और गहन जांच सुनिश्चित करेगी। इसके लिए तत्काल विशेष जांच दल (एस.आई.टी.) का गठन किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह भरोसा सिख संस्थाओं द्वारा इस मामले की एस.आई.टी. जांच की मांग को लेकर बार-बार दिए गए ज्ञापनों के मद्देनजर दिया गया है।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लंबे समय से लंबित शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एस.जी.पी.सी.) के चुनाव बिना किसी अनावश्यक देरी के करवाने तथा समयबद्ध कार्रवाई और उचित कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से सिख पंथ से जुड़े सभी मामलों का समाधान करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा इस मामले में व्यक्त की गई चिंताओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से हो। कानून अपना काम करेगा और किसी भी व्यक्ति को, चाहे वह किसी भी पद पर हो अथवा कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, न्याय की प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।”

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एस.जी.पी.सी.) के लंबे समय से लंबित चुनावों के संबंध में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की गंभीरता दोहराते हुए कहा, “शिरोमणि कमेटी के चुनाव करवाने में कोई अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। इस संबंध में सरकार के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी उचित कदम उठाए जाएंगे।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “सिख पंथ की समृद्ध और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि है तथा सिख संस्थाओं और समूचे भाईचारे से जुड़े मामलों का समाधान संवेदनशीलता, गंभीरता तथा संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार किया जाना चाहिए।”
