चंडीगढ़: ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ अभियान के तहत मंगलवार को राजकीय हाई स्कूल नूरवाला, पानीपत में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक सरोकार, जनसेवा, राष्ट्रहित और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रभावशाली संदेश दिया गया।
शिक्षा मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक का अवलोकन किया और उनकी प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक जैसे सशक्त माध्यम समाज के बीच सीधे संवाद स्थापित करते हैं तथा जटिल विषयों को भी सरल एवं प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर अनेक जनहितकारी कार्य किए जा रहे हैं। ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के माध्यम से ऐसे कार्यों और उनसे जुड़े सकारात्मक बदलावों को रचनात्मक माध्यम से आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने स्कूली विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और खुले मन से सभी बच्चों की प्रशंसा भी की।
