वाशिंगटनः अमेरिका और कनाडा के बीच बढ़ता ट्रेड तनाव फिलहाल कुछ दिनों के लिए थमता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से आने वाले सामान पर प्रस्तावित 50% टैरिफ को तीन दिनों के लिए टाल दिया है। ट्रंप ने दावा किया कि दोनों देशों के बीच एक समझौता हो गया है और अब केवल अंतिम दस्तावेज तैयार करना बाकी है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि कनाडा पर वीरवार से लागू होने वाले 50% टैरिफ को तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि अमेरिका और कनाडा के बीच डील पर सहमति बन गई है।
अमेरिका ने पिछले महीने कनाडा से आने वाले सामान पर 50% टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। अगर यह शुल्क लागू होता तो करीब 20 अरब डॉलर के कनाडाई उत्पाद प्रभावित होते। इनमें रोजमर्रा के इस्तेमाल से लेकर औद्योगिक क्षेत्र तक के कई सामान शामिल हैं।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) के मुताबिक प्रस्तावित समझौते में अमेरिकी उत्पादों के लिए व्यापक बाजार पहुंच, आर्थिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधान और डिजिटल ट्रेड में बेहतर तालमेल शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार को सुचारू बनाए रखने के साथ अमेरिकी बाजार और श्रमिकों के हितों की रक्षा करना है।
टैरिफ की समयसीमा नजदीक आने के साथ ही दोनों देशों के बीच बातचीत तेज हो गई थी। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच पिछले दो दिनों में दो बार फोन पर बातचीत हुई। कार्नी ने भी माना कि दोनों देशों के बीच वार्ता बेहद गंभीर और संवेदनशील दौर में है।
अमेरिका और कनाडा के बीच हर दिन बड़े पैमाने पर व्यापार होता है। ऐसे में 50% टैरिफ लागू होने से दोनों देशों की अर्थव्यवस्था और कारोबार पर बड़ा असर पड़ सकता था। फिलहाल तीन दिनों की राहत से दोनों देशों को प्रस्तावित समझौते के दस्तावेजों को अंतिम रूप देने का समय मिल गया है। अब नजर इस बात पर है कि तीन दिन की यह मोहलत स्थायी व्यापार समझौते में बदलती है या नहीं।

