मोहालीः फेज-5 मार्केट के ‘द ब्रू बैरल्स’ बार पर आबकारी विभाग की टीम द्वारा रेड की गई। इस दौरान टीम की ओर से 100 लीटर बीयर जब्त की गई। मिली जानकारी के अनुसार बिना वैध लाइसेंस के शराब परोसे जाने की सूचना मिलने पर आबकारी विभाग की टीम ने देर रात ‘द ब्रू बैरल्स’ बार पर रेड की। कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने बार में लाइसेंसिंग नियमों का उल्लंघन पाया और मौके से 100 लीटर बीयर जब्त की।
जानकारी के अनुसार आबकारी अधिकारी रजनीश बत्रा, आबकारी निरीक्षक करणदीप सिंह और गुरिंदरपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। विभाग को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि बार में बिना वैध लाइसेंस के शराब परोसी जा रही है। इसके बाद टीम ने बुधवार रात बार के परिसर में जांच की।
सहायक आयुक्त (आबकारी), रोपड़ रेंज अशोक चलौतरा ने कहा कि पंजाब के आबकारी आयुक्त जितेंद्र जोधवाल के निर्देशों के तहत विभाग गैर-कानूनी ढंग से शराब की बिक्री और परोसने के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि रोपड़ और मोहाली जिलों में ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेंगी। बार प्रबंधकों के विरुद्ध पंजाब आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।