चण्डीगढ़: बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी तथा इस अवसर पर आयोजित जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेंगे। एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि समाज में आज भी बाल विवाह जैसी कुरीति देखने को मिल रही है, जिसे समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर आगे आना होगा।
बाल विवाह एक बालिका के मानसिक व शारीरिक विकास के साथ-साथ उसके सपनों को भी कुचलने का काम करता है। बेटियों और बेटों को समान अवसर प्रदान करना, उन्हें शिक्षित बनाना तथा बाल विवाह जैसी कुप्रथा के विरुद्ध जागरूकता फैलाना समय की आवश्यकता है। हरियाणा सरकार द्वारा बाल विवाह की रोकथाम के लिए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 को सख्ती से लागू किया गया है।
बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आंगनवाड़ी वर्कर्स, आशा वर्कर्स, सरपंच, प्रिंसिपल और ग्राम सचिवों के माध्यम से गांवों में जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बाल विवाह को किसी भी कीमत पर रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

