मोहालीः डेराबस्सी पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 ग्राम हेरोइन भी बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चोरी की वारदातों से जुड़े नेटवर्क को लेकर कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस ने बताया कि 26 तारीख को सोना देवी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके घर से सोने और चांदी के गहने चोरी हुए है। पुलिस ने पीड़ित महिला के बयानों पर मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ के दौरान चोरी का सामान खरीदने और आगे बेचने वाले लोगों के नाम सामने आए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस संबंध में डीएसपी सब-डिवीजन डेराबस्सी वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि 26 नवंबर 2026 को डेराबस्सी थाने में वादी सोना देवी पत्नी दुर्गेश निवासी गुलाबगढ़ ने शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में पुलिस ने कांड संख्या 509 दिनांक 26 नवंबर 2026 के तहत धारा 331(3), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी और आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि उसने घर से चोरी किया गया माल गुरजीत सिंह, जसविंदर सिंह और लछमी कौर को बेचा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन तीनों आरोपियों को मुकदमे में शामिल किया और कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले में कार्रवाई की है। वहीं, इस पूरे मामले में एक और बड़ी बात सामने आई है कि पुलिस ने 40 ग्राम हेरोइन भी बरामद की है। इसके बाद NDPS एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और चोरी का सामान कहां-कहां बेचा जाता था। डेराबस्सी पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि पुलिस अब केवल चोरी करने वालों ही नहीं, बल्कि चोरी का सामान खरीदने और बेचने वालों पर भी शिकंजा कस रही है।

