नई दिल्ली: रामायण फिल्म को लेकर इन दिनों काफी विवाद चल रहा है। हिंदू संगठन की ओर से लगातार इस पर रोक लगाने की मांग की जा रही है। वहीं इसके बीच फिल्म रामायण के खिलाफ दाखिल की गई याचिका पर तत्काल सुनवाई करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने मना कर दिया है। याचिकाकर्ता का यह कहना था कि फिल्म में बहुत सी ऐसी बातें है जो मूल ग्रंथ से अलग दिखाई गई हैं।
याचिकाकर्ता की अपील पर चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा है कि यह फिल्म रिलीज हो गई है। इसलिए तत्काल सुनवाई की कोई जरुरत नहीं है। उन्होंने साथ ही ये भी कहा है कि आपके पास अगर कुछ अलग कहने को है तो आप खुद ही फिल्म बना सकते हैं।
विश्व हिंदू परिषद ने जताई फिल्म पर आपत्ति
बता दें कि विश्व हिंदू परिषद ने फिल्म के कथानक और किरदारों के चित्रण पर आपत्ति व्यक्त की है। उन्होने इसके प्रदर्शन पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। परिषद ने यह आरोप लगाया है कि इस फिल्म में महार्षि वाल्मीकि की रामायण के मूल प्रसंगों के साथ छेड़छाड़ हुई है। इसके अलावा कुछ ऐसी घटनाएं भी दिखाई गई हैं जिनका मूल रामकथा में कोई भी आधार नहीं है।
भगवान राम के चरित्र को लेकर उठे सवाल
परिषद के केंद्रीय मंत्री ने फिल्म पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इसमें भगवान राम और उनके परिवारों का चरित्र अलग अंदाज में दिखाया गया है। वहीं रावण का महिमांडन करने की कोशिश की गई है। परिषद को सबसे बड़ी आपत्ति यह है कि फिल्म में रामकथा के कई जरुरी प्रसंगों को जगह नहीं दी गई है।
मंत्री के अनुसार, अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे प्रसंग भगवान राम के चरित्र और उनकी सामाजिक स्वीकार्यता को समझने की बहुत जरुरी है परंतु फिल्म में इसका कोई भी जिक्र नहीं है।
विश्व हिंदू परिषद ने यह आरोप लगाया है कि ऋषि मुनियों के यज्ञ और साधना में बाधा डालने वाले राक्षसों के खिलाफ भगवान राम के संघर्ष को फिल्म में पत्नी के अपहरण का बदला लेने की व्यक्तिगत लड़ाई के तौर पर पेश किया है। परिषद का यह कहना है कि रामकथा सिर्फ धार्मिक आख्यान ही नहीं होती बल्कि व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक मर्यादाओं का भी आधार है। ऐसे में इसके साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ करोड़ों रामभक्तों की आस्था को चोट पहुंचा सकती है।

