ऊना,सुशील पंडित: जिला विकासखंड ऊना की ग्राम पंचायत बसोली का कार्यभार नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान को सौंपने की मांग को लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण उग्र होकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत चुनाव से पहले ही पीर निगाह मंदिर की चाबियां पंचायत से ले ली गई थीं, लेकिन नई पंचायत के गठन के बाद भी मंदिर की चाबियां पंचायत को वापस नहीं सौंपी गई हैं। वहीं प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने “हमारा हक हमें दो” और जिला प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे भी लगाए।
ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत का कार्यभार नियमानुसार नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान को सौंपा जाना चाहिए। उनका आरोप है कि कार्यभार और मंदिर की चाबियां पंचायत को न सौंपे जाने से ग्रामीणों में रोष है। बसोली निवासीयों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण चक्का जाम करने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में उग्र रूप धारण कर ग्रामीण डीसी कार्यालय के बाहर मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की कि मामले में शीघ्र हस्तक्षेप करते हुए बसोली पंचायत का कार्यभार नवनिर्वाचित प्रधान को सौंपा जाए तथा पीर निगाह मंदिर की चाबियां भी पंचायत को वापस दी जाएं, ताकि नव निर्वाचित पंचायत गांव का विकास कर सके, और पंचायत द्वारा जो प्रक्रिया वर्षों से चली आ रही है उसे निरंतर जारी रखा जा सके। वहीं इस मामले में जिलाधीश जतिन लाल ने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें प्रक्रिया का हवाला देते हुए शांत रहने की अपील की, अन्यथा कोर्ट जाने की सलाह भी दी।

