ऊना,सुशील पंडित: ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने आज गांव बहडाला स्थित श्री गुरु रविदास जी मंदिर में गुरु रविदास जी की मूर्ति स्थापना दिवस के पावन अवसर पर शीश नवाया और आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम में विधायक सत्ती ने श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भजन कीर्तन का रसपान किया। उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को याद करते हुए कहा कि गुरु जी ने समाज को समानता, एकता और भाईचारे का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है। विधायक ने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन हमें परिश्रम, सादगी और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी को मूर्ति स्थापना दिवस की बधाई देते हुए सुख-समृद्धि की कामना की।
इस मौके पर मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विधायक का स्वागत किया। मंदिर कमेटी ने इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
