नई दिल्लीः U19 एशिया कप 2026 इस वक्त ओमान में खेला जा रहा है। टूर्नामेंट में 8 टीमों ने हिस्सा लिया था, लेकिन अब सिर्फ चार टीमें ही आगे जाएंगी। 4 टीमों का सफर लीग फेज के बाद समाप्त हो गया है। इस टूर्नामेंट से बाहर होने वाली टीमों में यूएई, नेपाल, श्रीलंका और मलेशिया की टीम शामिल है। वहीं आगे जाने वाली टीमों में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान की टीम शामिल है। इन्हीं चार टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
सबसे पहले बात करते हैं अंडर 19 एशिया कप के सेमीफाइनल की तो ग्रुप ए से पाकिस्तान और भारत की टीम ने सेमीफाइनल का टिकट कटाया है, जबकि ग्रुप बी से अफगानिस्तान और बांग्लादेश ने टॉप 4 में एंट्री की है। हालांकि, सेमीफाइनल मैच अलग-अलग ग्रुप वाली टीम से होंगे। ऐसे में इंडिया और पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल में टक्कर नहीं होगी। भारत को अफगानिस्तान और पाकिस्तान को बांग्लादेश से सेमीफाइनल में भिड़ना है। दोनों सेमीफाइनल मैच कल यानी वीरवार 12 नवंबर को आयोजित होंगे।
पहला सेमीफाइनल मैच पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड के मिनिस्ट्री टर्फ 1 में खेला जाएगा, जबकि साथ में इंडिया और अफगानिस्तान के बीच टर्फ 2 में दूसरा सेमीफाइनल खेला जा रहा होगा। अगर पाकिस्तान ने बांग्लादेश और भारत ने अफगानिस्तान को हरा दिया तो फिर दोनों की टक्कर फाइनल मैच में भी हो सकती है।
भारत और पाकिस्तान के बीच लीग फेज में मैच हुआ था, जो काफी रोमांचक था। उसमें पाकिस्तान को जीत मिली थी। ऐसे में अगर भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर 19 एशिया कप 2026 का फाइनल यानी खिताबी मुकाबला खेला गया तो भारत चाहेगा कि पाकिस्तान को पटखनी दी जाए और खिताब अपने नाम करते लीग फेज में मिली हार का बदला लिया जाए।
अंडर 19 एशिया कप 2026 का फाइनल मैच एक दिन के गैप के बाद आयोजित होगा। अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड के टर्फ 2 में फाइनल मैच का आयोजन होगा। लोकल टाइम के अनुसार सेमीफाइनल और फाइनल मैच सुबह 9 बजे शुरू होंगे, लेकिन उस समय भारत में सुबह के साढ़े 10 बज रहे होंगे। लीग फेज में पाकिस्तान ने अपने तीनों मैच जीते थे, जबकि भारत ने 3 में से दो मैचों में जीत दर्ज की थी। ग्रुप बी में अफगानिस्तान तीनों मैच जीतने में सफल हुआ था और बांग्लादेश ने 3 में से 2 मैच भारत की तरह जीते।
