हैमिल्टनः हैमिल्टन के सेडन पार्क में मंगलवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला बारिश के कारण 40-40 ओवर का कर दिया गया है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत सीरीज में 2-0 से आगे है।
बारिश और मैदान गीला होने के कारण टॉस में दो घंटे से अधिक की देरी हुई। मौसम के कारण मुकाबले के ओवर घटाने पड़े। अब प्रत्येक टीम को 40 ओवर खेलने का मौका मिलेगा और कोई भी गेंदबाज अधिकतम आठ ओवर कर सकेगा।
टॉस के बाद शुभमन गिल ने कहा कि टीम पिछले मैचों में किए अच्छे प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेगी। भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा कि पिच कुछ समय से कवर के नीचे थी और इससे गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। न्यूजीलैंड ने एक बदलाव करते ब्लेयर टिकनर की जगह मैथ्यू फिशर को टीम में शामिल किया है।
