चंडीगढ़: हरियाणा के वन, पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम सहित पूरे एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की। उन्होंने गुरुवार की दोपहर बाद स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) के गुरुग्राम, रेवाड़ी, नूंह तथा महेंद्रगढ़ जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदूषण नियंत्रण को लेकर जारी कार्यों की प्रगति की समीक्षा तथा भविष्य में होने वाले सुधारों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में प्रदेश के सभी विधायकों की बैठक में गुरुग्राम शहर में नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार करने के निर्देश दिए थे। एक जनप्रतिनिधि होने के नाते शहर के नागरिकों के प्रति मेरी जवाबदेही है। ऐसे में गुरुग्राम शहर के साथ-साथ पूरे एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) लगने से पहले धरातल पर दिखना चाहिए कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई हो रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए केवल औपचारिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि सभी उपायों की नियमित निगरानी, समयबद्ध समीक्षा और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। बैठक में मौजूद अधिकारियों से प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था में आवश्यक सुधारों को लेकर सुझाव भी लिए गए। इस बैठक में संबंधित जिलों के क्षेत्रीय अधिकारी (आरओ), एएई व साइंटिस्ट (बी) आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
