शिमला: प्रदेश सरकार संवेदनशील प्रशासन की मिसाल कायम कर रही है। वृद्धावस्था में भावनात्मक बदलावों और विशिष्ट स्वास्थ्य देखभाल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने इंदिरा गांधी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, शिमला, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा, जिला कांगड़ा तथा श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नेरचौक मंडी में जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग स्थापित करने को स्वीकृति प्रदान की है।
जेरियाट्रिक मेडिसिन, चिकित्सा विज्ञान की एक विशेष शाखा है, जिसके अंतर्गत वृद्धजनों में होने वाली बीमारियों का नैदानिक उपचार और रोकथाम की जाती है। इसके साथ ही बढ़ती उम्र के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज भी सुनिश्चित किया जाता है। यह विभाग विशेष चिकित्सा सेवाओं, समय पर बीमारियों की पहचान, उचित उपचार तथा उम्र से संबंधित दिव्यांगता और बीमारियों की रोकथाम के माध्यम से वरिष्ठजनों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने की दिशा में कार्य करेगा।
बुजुर्गों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए बीमारियों और उम्र बढ़ने की सामान्य प्रक्रियाओं के बीच अंतर को भी समझा जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना और स्वस्थ वृद्धावस्था को बढ़ावा देना है। आईजीएमसी शिमला और डॉ. आरपीजीएमसी टांडा में स्थापित होने वाले इस विभाग में विभिन्न बीमारियों तथा उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे बुजुर्गों को विशेष निदान एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को भावनात्मक सहयोग, विशेष ध्यान और व्यापक स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता रहती है ताकि बढ़ती उम्र के साथ उत्पन्न होने वाली चिकित्सा एवं मनोवैज्ञानिक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से समाधान किया जा सके।
