ऊना: हिमाचल प्रदेश क्याकिंग एंड कैनोइंग संघ द्वारा बिलासपुर के लूणू मैदान, गोविंद सागर झील में ड्रैगन बोट टीम के चयन ट्रायल आयोजित किए गए। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से 55 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से 27 खिलाड़ियों का चयन किया गया।
इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष कमल गौतम ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल मैदान में अनुशासन ही नहीं सिखाते, बल्कि जीवन में भी अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा खेलों के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया। साथ ही खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास एवं प्रदर्शन में सुधार करने के लिए प्रेरित किया।
महिला वर्ग में बबली, आरती देवी, अंजलि शर्मा, चंद्रिका, अक्षिता देवी, नितिका देवी, मानसी राणा, रूमा देवी, अंकिता चौधरी एवं नीलम सोनी का चयन हुआ। पुरुष वर्ग में राहुल, विशाल, अभिषेक पृथ्वीर, सुषांत मेहता, हरि ओम, ओम जस्सी ठाकुर, अमन कुमार, सुलक्षी ठाकुर, प्रवीन सोनी, रजत कुमार, रितेश कुमार, शरीफ मोहम्मद, सुषांत, विकास, आर्यन, निखिल चौहान एवं सुनील कुमार चयनित हुए।
चयनित टीम 27 से 29 नवम्बर 2026 तक कटक (ओडिशा) में आयोजित होने वाली 15वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट रेसिंग चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। इस अवसर पर मुख्य कोच शाम लाल चौधरी (NIS) ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए संदेश दिया कि “पैडल से मेडल तक का सफर निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत से ही पूरा होता है।” उन्होंने खिलाड़ियों से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
