मानसिक रूप से अस्वस्थ और बोलने-सुनने में असमर्थ 22 वर्षीय युवक को पुलिस ने परिजनों के हवाले किया
ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से लापता हुए करीब 22 वर्षीय युवक को महज 16 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया गया। युवक को ऊना के गलुआ चौक से ढूंढकर पुलिस ने तमाम कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसके भाई के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना हरोली की पुलिस चौकी पंडोगा के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के मूल निवासी और वर्तमान में गांव पंजावर में रह रहे एक व्यक्ति ने 24 नवंबर को शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 23 नवंबर को वह अपने परिवार के साथ मेहनत-मजदूरी करने के बाद शाम को किराये के मकान में लौटा तो उसका करीब 22 वर्षीय भाई ववलू घर से गायब मिला। युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के साथ-साथ बोलने और सुनने में भी असमर्थ है।
शिकायत मिलने के बाद जिला पुलिस ऊना ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी पंडोगा के प्रभारी एसआई गुरध्यान सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों की मदद से संभावित स्थानों पर लगातार तलाश और जांच की।
पुलिस के निरंतर प्रयासों के चलते 25 नवंबर को लापता युवक ऊना के गलुआ चौक से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को उसके भाई के हवाले कर दिया गया।
जिला पुलिस ऊना ने कहा कि गुमशुदा व्यक्तियों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाती है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी व्यक्ति के लापता होने या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना देरी किए पुलिस को सूचित करें, क्योंकि समय पर मिली सूचना किसी लापता व्यक्ति को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में अहम साबित हो सकती है।

