फिरोजपुर: भारत-पाक सीमा से सटे इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और समाज विरोधी तत्वों पर नकेल कसने के लिए सुरक्षा बलों ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में फिरोजपुर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा सीमावर्ती गांवों में एक विशेष तलाशी अभियान यानी ‘कासो ऑपरेशन’ (CASO Operation) चलाया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में हुई कार्रवाई
यह संयुक्त अभियान थाना सदर फिरोजपुर के अंतर्गत आती चौकी बारे के के प्रभारी सुखबीर सिंह बाठ और CRPF की 80 बटालियन के इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह यादव के नेतृत्व में चलाया गया। इस ऑपरेशन में सीआरपीएफ के जवानों और स्थानीय पुलिस बल ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध घरों और आसपास के क्षेत्रों की सघन जांच की।
इन गांवों में चलाया गया तलाशी अभियान
* गांव गट्टी राजो के
* न्यू गट्टी राजो के
* गांव झुग्गे हजारा
* गांव भखड़ा
नशा तस्करों के खिलाफ जारी रहेगी मुहिम
अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए चौकी प्रभारी सुखबीर सिंह बाठ ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि आम नागरिक खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर सकें। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।

