लुधियाना: लोहारा पुल के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बेटे के साथ बाइक पर घर लौट रही मां की ट्रक के पिछले टायर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि महिला का सिर ट्रक के टायर के नीचे आ गया। मृतका के पति गुरमीत ने बताया कि उनकी पत्नी हाउसवाइफ थीं। उनका बेटा फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई कर रहा है।
देर शाम बेटा अपनी मां के साथ बाबा जसवंत सिंह डेंटल कॉलेज गया था। वहां बेटे ने अपने दांतों में तार (ब्रेसेस) डलवाई थी। इलाज के बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही मां-बेटा बाइक पर सवार होकर लोहारा पुल के पास पहुंचे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक संतुलन बिगड़ने या टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिर गई और पास से गुजर रहे ट्रक के पिछले टायर ने उनके सिर को कुचल दिया।
मौके पर ही महिला ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पति गुरमीत एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। दंपती के तीन बच्चे हैं दो बेटियां और एक बेटा। जिस बेटे के साथ मां हंसी-खुशी अस्पताल से लौट रही थी, उसी की आंखों के सामने मां की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

