जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस ने थाना डिवीजन नंबर 4 के अंतर्गत हुए चर्चित हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए महज 24 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरिंदर थापर पुत्र जोगिंदरपाल, निवासी मोहल्ला मखदूमपुरा, दीपक राणा पुत्र जोगिंदरपाल, निवासी मोहल्ला मखदूमपुरा, यशपाल बजाज पुत्र सतपाल, निवासी ऊंचा सुराजगंज, राहुल पुत्र विक्रम, निवासी 36 मखदूमपुरा, गुरदीप सिंह पुत्र ओमप्रकाश, निवासी 23/3 न्यू सुराजगंज और गुड़िया पुत्री तरसेम लाल, निवासी राज नगर, जालंधर के रूप में हुई है।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों तथा डी.सी.पी. सिटी आदित्य एस. वारियर, ए.डी.सी.पी.-2 माधवी शर्मा और ए.सी.पी. सेंट्रल ओंकार सिंह बराड़ की देखरेख में थाना डिवीजन नंबर 4 और अन्य पुलिस टीमों के संयुक्त प्रयास से की गई। बता दें कि 24 नवंबर 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस को मोहल्ला मखदूमपुरा में झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि लक्की ठाकुर नामक व्यक्ति पर कुछ हमलावरों ने तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला किया था।
गंभीर रूप से घायल लक्की ठाकुर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच और शिकायतकर्ता के बयानों से यह बात सामने आई है कि यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। विवाद की मुख्य जड़ मृतक के 16 वर्षीय बेटे की आरोपी नरिंदर थापर के बेटों के साथ संगत (उठने-बैठने) को लेकर चल रही तनातनी थी।
इसी रंजिश के तहत हमलावरों ने लक्की ठाकुर पर हमला किया और वारदात के बाद फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने नरिंदर थापर पर हमले के लिए उकसाने और आरोपियों को भगाने में मदद करने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर 4 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(2), 332(ग), 191(3), 190, 351(2), और 61(2) के तहत मुकदमा नंबर 188 (दिनांक 25-11-2026) दर्ज किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
जिसमें आरोपी नरिंदर थापर के खिलाफ पहले से विभिन्न धाराओं के तहत कुल 12 मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी दीपक राणा के खिलाफ पहले से 2 मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

