जालंधरः देशभर में आयोजित हुई JEE परीक्षा को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों और अभिभावकों की भारी भीड़ नजर आई। परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने पेपर के स्तर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। ज्यादातर छात्रों का कहना था कि इस बार का पेपर मॉडरेट से आसान स्तर का रहा और जिन्होंने नियमित तैयारी की थी, उनके लिए परीक्षा ज्यादा कठिन नहीं थी।
परीक्षा देने पहुंचे मानवजोत सिंह ने बताया कि वह पिछले 2 साल से JEE परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने 11वीं कक्षा से ही इसकी तैयारी शुरू कर दी थी। मानवजोत के अनुसार इस बार का पेपर मॉडरेट से ईजी लेवल का रहा, जिससे उन्हें प्रश्न हल करने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई। लगातार मेहनत और नियमित अभ्यास के कारण उनका पेपर काफी अच्छा हुआ। वहीं मानवजोत ने NEET परीक्षा के पेपर रद्द होने के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पेपर कैंसिल होना छात्रों के लिए गलत फैसला साबित होता है क्योंकि सभी विद्यार्थी लंबे समय तक तैयारी करते हैं और उनका एक स्टडी फ्लो बन जाता है। ऐसे में आखिरी समय पर परीक्षा रद्द होने से छात्रों की मानसिक स्थिति और तैयारी दोनों प्रभावित होती हैं।
अक्षय सिंह ने बताया कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी के दौरान अपना ज्यादातर समय पढ़ाई और मॉक टेस्ट में लगाया। वह रोजाना मॉक टेस्ट देते थे। अक्षय ने कहा कि उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई की और उसी के जरिए अपनी तैयारी को मजबूत किया। उनका मानना है कि नियमित टेस्ट देना परीक्षा की तैयारी में काफी मददगार साबित होता है।
वहीं छात्र सक्षम ने बताया कि उनका पेपर काफी अच्छा गया। उन्होंने कहा कि वह रोजाना करीब 6 से 7 घंटे पढ़ाई करते थे। सक्षम के अनुसार पेपर ज्यादा मुश्किल नहीं था और जिन छात्रों ने लगातार तैयारी की थी, उनके लिए प्रश्न हल करना आसान रहा।
कुरुक्षेत्र निवासी रितेश ने भी परीक्षा को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि पेपर में ज्यादातर प्रश्न आसान थे और परीक्षा केंद्र पर माहौल भी काफी अच्छा रहा। रितेश ने कहा कि वह हर सप्ताह एक मॉक टेस्ट देते थे, जिससे उन्हें परीक्षा पैटर्न समझने और समय प्रबंधन में काफी मदद मिली। परीक्षा के बाद अधिकांश छात्रों के चेहरों पर संतोष नजर आया। अब सभी छात्रों को परीक्षा परिणाम का इंतजार है।

