जालंधरः (ENS) शहर के प्रसिद्ध डीएवी कॉलेज और मेहर चंद कॉलेज के बाहर उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे लगे पेड़ों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंचे पेड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वह पास से गुजर रही बिजली की तारों तक पहुंच गईं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के दौरान कई लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग को सूचना दी। बताया जा रहा है कि आग लगने के कारण बिजली की तारों से चिंगारियां भी निकलती दिखाई दीं, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा पैदा हो गया था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के क्षेत्र और वाहनों को नुकसान होने से बचा लिया गया। वहीं एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए इलाके की बिजली सप्लाई भी बंद की गई।
हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर गर्मी और सूखे पेड़ों के कारण आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।

