जालंधर (ENS): शहर के न्यू इमेज इंस्टीच्यूट के बाहर उस समय जमकर हंगामा देखने को मिला जब कई लोगों ने संस्थान पर विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के गंभीर आरोप लगाए। पीड़ित परिवारों ने इंस्टीच्यूट के बाहर इकट्ठा होकर हंगामा किया और उनके पैसे वापस करने की मांग की। लोगों का आरोप है कि संस्थान ने यूके, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर उनसे बड़ी रकम वसूली, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद उनका कोई काम नहीं किया गया।
जानकारी देते गांव तोगड़ी के रहने वाले ग्रंथी परमजीत सिंह ने बताया कि न्यू इमेज इंस्टीच्यूट के मालिकों ने उनके बेटे को यूके भेजने का झांसा देकर उनसे करीब 11 लाख रुपये ठग लिए। करीब 8 महीने पहले उनसे पैसे लिए गए थे और भरोसा दिलाया गया था कि मार्च महीने तक उनका काम हो जाएगा, लेकिन अब तक कोई प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। परमजीत सिंह के अनुसार उन्होंने थोड़ा-थोड़ा करके करीब साढ़े 11 लाख रुपये जमा करवाए थे।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इंस्टीच्यूट की मालिक पूजा सिंह, सीमा और कैशियर मोहित ने मिलकर उनसे ठगी की है। उन्होंने दावा किया कि केवल उनके साथ ही नहीं बल्कि कई अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की गई है और ठगी की रकम करोड़ों रुपये तक पहुंच सकती है। परमजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे के भविष्य के लिए प्लॉट बेचकर यह रकम इकट्ठी की थी, लेकिन अब उनके साथ धोखा हो गया।
वहीं एक अन्य व्यक्ति ल्यूक ने कहा कि उसने करीब साढ़े 12 लाख रुपये अपनी पत्नी के वीजा के लिए जमा करवाए थे। उसे दो साल से लगातार दिलासे दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक उसका वीजा नहीं लगवाया गया।
एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि उसने ऑस्ट्रेलिया के वर्क वीजा के लिए इंस्टीच्यूट को 15 लाख 94 हजार रुपये चेक के माध्यम से दिए थे। आरोप है कि हर बार उन्हें केवल आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक न तो वीजा लगा और न ही कोई स्पष्ट जवाब मिला।
इसी तरह लांबड़ा निवासी सुखदेव सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी बेटी के कनाडा वीजा के लिए इंस्टीच्यूट को पैसे दिए थे। डेढ़ साल बीत जाने के बावजूद न तो वीजा लगा और न ही उन्हें कोई संतोषजनक जवाब दिया गया।
पीड़ितों ने प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं इंस्टीच्यूट के बाहर भारी संख्या में लोग इकट्ठा होने के कारण माहौल तनावपूर्ण बना रहा। पीडि़तों ने पुलिस को मामले की शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की है।

