लुधियानाः जिले से एक घरेलू विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। जहां, मिली जानकारी के अनुसार थाना टिब्बा क्षेत्र की राजू कॉलोनी में घरेलू विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी को लेकर कुछ लोग एक युवक और उसके माता-पिता को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से मारपीट की है। पूरे घटनाक्रम की वीडियो सामने आई है। जिसमें देखा जा रहा है कि युवक और उसके माता-पिता को बेरहमी से मारते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक और उसके परिजनों को बचने की कोशिश करते हुए भी देखा जा सकता है।
मनीष ने बताया कि करीब 12 साल पहले उसकी बहन पूजा की शादी संजीव के साथ हुई थी। मनीष के अनुसार, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा है। उसने आरोप लगाया कि उसकी बहन को उसके ससुराल पक्ष की ओर से परेशान किया जाता है और उसके साथ मारपीट भी की जाती है।
मनीष ने बताया कि 27 सितंबर की रात करीब 12 बजे संजीव घर पहुंचा और उसकी बहन पूजा तथा उनकी मां प्रवीन के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद मनीष और उसके पिता के साथ भी संजीव के कुछ दोस्तों और रिश्तेदारों ने मारपीट की। इस दौरान उन्हें चोटें आईं।
मनीष ने बताया कि परिवार में पहले भी कई बार विवाद हो चुके हैं, जिसके बाद दोनों पक्षों में राजीनामा हो जाता था। वहीं, थाना टिब्बा के एसएचओ जसविंदर सिंह ने बताया कि मामला पुलिस के ध्यान में है। पुलिस की ओर से जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज करने के बाद मामले में बनती कार्रवाई की जाएगी।
