चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को अपने सिंगापुर दौरे के दौरान सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा सिंगापुर में भारत के राजदूत डॉ. शिल्पक अंबुले भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सिंगापुर के विशिष्ट उद्योगपतियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस उच्चस्तरीय बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत और सिंगापुर के बीच पारस्परिक सहयोग एवं समन्वय को और अधिक मजबूत बनाना तथा दोनों देशों के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना था।
सिंगापुर में भारत के राजदूत डॉ. शिल्पक अंबुले ने दोनों देशों के बीच आर्थिक एवं कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, लॉजिस्टिक्स, ऊर्जा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के संवाद से द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा मिलेगी तथा दोनों देशों के बीच निवेश, व्यापार और तकनीकी सहयोग के नए अवसर विकसित होंगे।
