लुधियानाः जिले में आये दिन लूटपाट की वारदात लगातार बढ़ती जा रही है। लुटेरे वारदातों को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं। जिससे आये दिन लोगों के अंदर डर का माहौल बना रहता है। इसी बीच पॉश इलाके घुमार मंडी में रविवार दोपहर दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। जहां शॉपिंग कर अपने बच्चे के साथ लौट रही महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने पर्स छीन लिया। बताया जा रहा है कि पर्स में 50 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये कीमत के सोने के आभूषण थे। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला अपने बच्चे के साथ घुमार मंडी में शॉपिंग करने आई थी। जब वह शॉपिंग के बाद घर वापसी के लिए अपनी गाड़ी की तरफ जा रही थी तभी कवर किंग के पास पीछे से दो बाइक सवार लुटेरे आए। तेज रफ्तार बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर महिला के हाथ से बैग छीन लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बैग छिनने के बाद महिला बुरी तरह घबरा गई। उसने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरों के पीछे भागने की कोशिश भी की लेकिन बाइक की रफ्तार काफी तेज होने के कारण बदमाश वहां से रफूचक्कर हो गए। इसके बाद पीड़ित महिला ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (112) पर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही घुमार मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि महिला अपने बच्चे के साथ आराम से अपनी गाड़ी की ओर जा रही थी, तभी पीछे से आकर बाइक सवार वारदात को अंजाम देते हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी के आधार पर चोरों की लोकेशन ट्रैक कर रही है।
