लुधियानाः जिले के गिल स्टेशन के अधीन आने वाली रेलवे लाइन पर दोपहर एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया। जहां हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की दोनों टांगें कट जाने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की आयु करीब 45/50 बताई जा रही है। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने जीआरपी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जीआरपी पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर उन्हें सूचना मिली थी कि गिल स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति रेल हादसे का शिकार हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सामने आया कि व्यक्ति की दोनों टांगें कट चुकी थीं और उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद मृतक के शव को एंबुलेंस की मदद से लुधियाना सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
एएसआई राकेश कुमार के अनुसार, पुलिस द्वारा मृतक की पहचान करवाने के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही परिवार तक पहुंचने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया है, ताकि इस दौरान यदि कोई परिवार का सदस्य या रिश्तेदार गुमशुदगी की सूचना के आधार पर पुलिस से संपर्क करता है तो मृतक की पहचान की जा सके।
