लुधियानाः लुधियाना के सूफिया चौक के नजदीक शनिवार सुबह गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। यहां एक कार वर्कशॉप में काम करने वाली युवती का पीछा कर रहे मनचलों को रोकना वर्कशॉप मालिक को भारी पड़ गया। बौखलाए आरोपियों ने अपने करीब एक दर्जन साथियों को बुलाकर मालिक पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी वर्कशॉप मालिक को बालों से पकड़कर बुरी तरह पीटते और लातें मारते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते घायल वर्कशॉप मालिक की दलजीत सिंह ने बताया कि उसकी वर्कशॉप में एक युवती काम करती है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे जब वह काम पर आई और गेट से अंदर दाखिल हुई, तो उसके पीछे-पीछे दो युवक भी जबरन अंदर घुसने लगे। जब दलजीत ने उन्हें बिना काम के अंदर आने से रोका तो उन्होंने विवाद शुरू कर दिया और फोन कर अपने अन्य गुंडे साथियों को मौके पर बुला लिया।
देखते ही देखते करीब एक दर्जन युवकों ने दलजीत पर धावा बोल दिया। सामने आए CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि हमलावरों ने दलजीत को बुरी तरह से बालों से पकड़कर पीटा और जमीन पर गिराकर जमकर लातें मारीं। बचाव के लिए दलजीत ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ जमा होती देख हमलावर जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने घायल दलजीत को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है।
वर्कशॉप में काम करने वाली पीड़ित युवती ने बताया कि मुख्य आरोपी युवक पिछले कुछ महीनों से उसे आते-जाते परेशान कर रहा है। वह लगातार उसका पीछा करता था और जबरन मोबाइल नंबर मांगता था। शनिवार सुबह भी वह पीछा करते हुए वर्कशॉप के अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। मालिक के रोकने पर उसने यह गुंडागर्दी की। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है।
