बदायूं। यहां रामलीला मेले के दौरान खिलौने के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक दुकानदार ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दातागंज कस्बे में शनिवार देर रात रामलीला मेले में खिलौने के पैसों को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर खिलौना दुकानदार मोहम्मद बारिश ने चाकू से हमला कर दिया। वह बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र के मरदान मोहल्ले का निवासी है। हमले में बेहटा माधो गांव निवासी ऋतिक ठाकुर (24) और रोहित जाटव (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया।
ऋतिक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बरेली के उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि मामले में दो आरोपी थे, जिनमें से एक को हिरासत में ले लिया गया है जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
